फिरोजाबाद। ग्राम विकास कार्यों में खर्च की गई धनराशि का हिसाब नहीं देने पर डीएम नेहा शर्मा के निर्देश पर जिले की 436 ग्राम पांचायतों के ग्राम निधि प्रथम के खातों में रोक लगा दी गई है।
वर्ष 2017-18 के दौरान ग्राम निधि खातों से निकाली की गई धनराशि का हिसाब नहीं देने और धनराशि से हुए विकास कार्यों का ब्योरा प्रिया और एक्शन साफ्टवेयर में दर्ज नहीं कराने वाली जिले की 436 ग्राम पंचायतों के खातों पर तत्काल रोक लगा दी गई है। पंचायत राज निदेशालय ने इस संबंध में विगत पखबाडे़ जरूरी निर्देश दिए थे। इस संबंध में ग्राम प्रधानों को विगत 31 जुलाई से पूर्व हिसाब देने को कहा गया था। लेकिन 436 ग्राम पंचायतों ने ध्यान नहीं दिया।
अब डीएम के निर्देश पर जिला पंचायती राज विभाग ने संबंधित बैक प्रबंधकों को पत्र जारी कर ग्राम निधि खाता प्रथम से धनराशि किसी अन्य के खाते में हस्तांतरित करने को कहा है। जिनके खाते पर रोक लगी है उनमें फिरोजाबाद ब्लॉक की 48, टूंडला की 45, नारखी की 46, शिकोहाबाद की 54, मदनपुर की 40, अरांव की 41, जसराना की 44, एका की 46 और हाथवंत की 69 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। संबंधित प्रधानों को हिसाब नहीं देने पर रिपोर्ट दर्ज कराने चेतावनी दी गई है।