सिरसागंज। थाना सिरसागंज के सैफपुर में एचटी लाइन का तार टूटने से चार घरों में करंट दौड़ गया। करंट से एक ग्रामीण की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। करंट से दो भैंस भी मर गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव ले जाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीणों ने शव को नहीं उठने दिया। एसडीएम के कार्रवाई का आश्वासन दिया तब पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सैफपुर गांव में 11 हजार लाइन के तार निकल रहे हैं। गांव में कंवर्टर ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति होती है। बुधवार तड़के करीब ढाई बजे 11 हजार लाइन का तार अचानक टूट गया। तार के टूटने का अहसास जैसे ही रामौतार (55) ंने अपने पौत्रों को उठाया। गोविंद (8) को जैसे ही उठा रहे थे तभी झटका लगा। इससे गोविंद तो दूर जा गिरा जबकि रामौतार की करंट से मौके पर मौत हो गई। रामौतार की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पास में रहने वाले नेकराम और अमित की भैंस मर गई और महेशचंद्र की भैंस झुलस गई। करंट के लगने से अनीता देवी (39) , नीलेश (10) , छविराम (50) झुलस गए।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने किसी प्रकार तार हटवाकर सूचना विभागीय अधिकारियों को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गांव पहुंचकर शव कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति गुस्सा था। डीएम नेहा शर्मा के आदेश पर एसडीएम सिरसागंज सुनील कुमार श्रीवास्तव तहसील की टीम के साथ गांव पहुंचे। ग्रामीणों ने मांग रखी कि गांव से एचटी लाइन हटवा कर 440 की लाइन डाली जाए। लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसडीएम ने बिजली विभाग के अफसरों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।