फिरोजाबाद। जिले के सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर अब चिकित्सकों की कमी काफी हद तक दूर होगी। वॉक इन इंटरव्यू माध्यम से जिन चिकित्सकों को चयनित किया गया था। उनकों तैनात करने के लिए शासन ने हरी झंडी दे दी है। जल्द ही उन चिकित्सकों को ज्वाइनिंग लेटर जारी कर नवीन तैनाती दे दी जाएगी।
सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में चिकित्सकों की कमी को देखते हुए शासन ने वॉक इन इंटरव्यू की व्यवस्था शुरू की थी। सीएमओ स्तर से चिकित्सकों के साक्षात्कार लिए गए थे। करीब 12 चिकित्सक साक्षात्कार प्रक्रिया में शामिल हुए थे। डीएम एवं सीएमओ ने अनुमोदन के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी थी।
शासन ने उन चिकित्सकों को तैनाती के आदेश दे दिए हैं। अनुभव के आधार पर चिकित्सकों को वेतन जारी किया जाएगा। सीएचसी एवं पीएचसी पर चिकित्सकों की तैनाती की जाएगी। सीएमओ डा. एसके दीक्षित ने बताया कि चिकित्सकों के साक्षात्कार लिए थे। शासन ने उनका अनुमोदन दे दिया है। जल्द ही नवीन तैनाती की जाएगी।
जो तैनात, वो नहीं आते
फिरोजाबाद। स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की कमी पहले से है। मगर जो चिकित्सक तैनात है, वो ड्यूटी करने नहीं आते। वह चिकित्सक प्राइवेट हास्पीटलों में सेवाएं देते है। महीने में दो, चार दिन ही अस्पताल आते हैं। यही कारण है कि सीएमओ को हर बार निरीक्षण के समय चिकित्सक अनुपस्थित मिलते हैं। वहीं, बायोमैट्रिक मशीनें भी इन चिकित्सकों के कारण स्वास्थ्य केंद्रों पर निष्क्रिय बनी हुई हैं।