मैनपुरी।गर्मियों में छुट्टी की मांग को लेकर डीएम कार्यालय परिसर में नारेबाजी करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के विरुद्ध नाजिर सदर ने धारा 144 उल्लंघन का मामला दर्ज कराया है।
प्रदर्शन और नारेबाजी के दौरान सीओ से भी नोकझोंक हुई थी। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। गर्मी के चलते आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने की मांग को लेकर शुक्रवार को कार्यकर्ताओं ने तिकोनिया पार्क में धरना प्रदर्शन किया था।
इसके बाद डीएम कार्यालय परिसर में धरने पर बैठकर डीएम को ज्ञापन देने की जिद पर अड़ गई थीं। काफी देर तक वहां बैठने के बाद नारेबाजी करने लगीं थीं।
माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को डीएम कार्यालय से बाहर करने की कोशिश की थी। इस दौरान सीओ और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नोकझोंक भी हुई थी।
बाद में एएसपी ओमप्रकाश सिंह को स्थिति संभालने के लिए आना पड़ा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन की ओर से कड़ी कार्रवाई की गई है।
नाजिर सदर रामनरेश सिंह ने 90-100 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के विरुद्ध धारा 144 का उल्लंघन, सरकारी कार्य में बाधा समेत अन्य धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराया है। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।