कासगंज/ सहावर। सहावर के गंजडुडवारा रोड स्थित हंसनगर में बुधवार रात बदमाशों ने एक घर में डाका डाल दिया। लूट का विरोध करने पर मारपीट में तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। बदमाश लाखों रुपये के आभूषण और नकदी लूटकर ले गए। इधर, घायल तीनों महिलाओं को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। डाके की सूचना पर पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।पुलिस ने मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
हंस नगर निवासी गंगा सिंह और उनका बेटा राजू कैंटर चलाते हैं। गंगा सिंह बाहर गए थे। बुधवार रात 10 बदमाश उनके घर में घुस आए और परिजनों को बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर बदमाशों ने गंगा सिंह की पत्नी सोनवती, उनकी पुत्रवधू अर्चना की लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। वहीं गंगा सिंह की पुत्री ममता पर चाकू से प्रहार कर घायल कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने तीनों महिलाओं के कुंडल खींच लिए, जिससे उनके कान फट गए। बदमाशों ने अलमारियों के ताले तोड़कर 1.25 लाख रुपये की नकदी, लगभग ढाई लाख रुपये के आभूषण लूट लिए। इसके बाद बदमाश घर से दो बक्सों को भी उठाकर ले गए। डाके की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में बदमाशों की तलाश की लेकिन सुराग नहीं लग सका। इस दौरान पुलिस को गांव के ही करन सिंह के बाग से लूटे गए बक्से खाली पड़े मिले। इधर, गंभीर हालत में घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से तीनों को निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
ममता ने पड़ोस के घर में भाग कर बचाई जान
कासगंज। लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने ममता पर चाकू से प्रहार किया, जो उसकी ठोढ़ी के नीचे लगा। इसके बाद ममता बदमाशों के चंगुल से छूटकर भागी। इस पर बदमाशों ने उसे डंडा फेंककर मारा लेकिन ममता गिरती पड़ती पड़ोस के घर में पहुंच गई।
11 माह पहले ही हुई है राजू की शादी
कासगंज। गंगा सिंह के पुत्र राजू की शादी विगत वर्ष मई में हुई थी। बदमाश वारदात के दौरान उसकी पत्नी अर्चना को मायके से मिले सभी आभूषण औश्र परिवार की ओर से चढ़ाए गए आभूषण लूट कर ले गए।
पांच दिन पहले ही हुआ है बच्चे का जन्म
कासगंज। गंगा सिंह के पुत्र राजू के पांच दिन पहले ही बच्चे का जन्म हुआ है। परिवार में पहला बच्चा होने से परिवार में हंसी खुशी का माहौल था। बच्चे के नामकरण संस्कार आदि के लिए परिजन तैयारी कर रहे थे लेकिन इससे पहले ही घटना हो गई।
हंसनगर की घटना का खुलासा करने के लिए टीम का गठन कर दिया गया है। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा। पीयूष श्रीवास्तव डीआईजी