फिरोजाबाद। मदनपुर में मनरेगा योजना के जिला समन्वयक एके सिंह एवं बीडीओ दिनेश कुमार यादव ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत बैठक बुलाई। बैठक में सितंबर तक ब्लॉक को ओडीएफ करने का फैसला लिया गया।
ब्लॉक मदनपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं ग्राम पंचायत रोजगार सेवकों के साथ हुई बैठक में बीडीओ दिनेश यादव ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन में जनसहभागिता बढ़ाने का काम किया जाएगा। इसके लिए हर कर्मी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। जिला समन्वयक मनरेगा एके सिंह ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन में तेजी से काम करना होगा।
ताकि पूरा ब्लॉक सितंबर तक खुले में शौच से मुक्त हो सके। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और रोजगार सेवकों ने सहयोग का भरोसा दिया। एडीओ एजी ब्रजेश कुमार, एडीओ सहकारिता चैतन्य प्रकाश शर्मा, लोकेशचंद्र, ब्रजकिशोर यादव, सीडीपीओ सुधा शर्मा के साथ ब्लॉक के सभी पंचायत सचिव मौजूद थे।