फिरोजाबाद। साईं प्रसाद ग्रुप आफ कंपनीज के निवेशक जागरूक जीवन एकता मंच के बैनर तले एसपी सिटी राजेश सिंह से मिले। उनके दफ्तर के बाहर निवेशकों ने नारेबाजी की। ज्ञापन देते हुए कहा कि थाना दक्षिण में अभियोग दर्ज होने के बाद आरोपी अभी तक गिरफ्तार नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि घपला करने वाले मुकदमा को ही वापस करने के लिए दबाव बना रहे हैं।
एसपी सिटी राजेश सिंह को सौंपे ज्ञापन में डा.डीआर वर्मा ने कहा कि साईं प्रसाद ग्रुप ऑफ कंपनीज ने वर्ष 2008 से 2015 के मध्य जिले से बड़ी संख्या में गरीबों से करोड़ों रुपया जमा कराया था। उन्होंने कहा कि कंपनी के यूपी हैड अनूप कुमार गोयल ने कई बार एजेंटों को बुलाकर कंपनी पर कार्रवाई करने के लिए चंदा एकत्रित किया। जांच की तो पता चला कि कोई कार्रवाई नहीं की गई। फिरोजाबाद में दो मई 2017 को कंपनी के खिलाफ अभियोग दर्ज करा दिया था।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने आरोपियों को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया है। उन्होंने एसपी सिटी को ज्ञापन देकर कंपनी के खिलाफ उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है। निवेशकों का कहना है कि आरोपी हमें धमकाने का काम कर रहे हैं। एसपी सिटी ने शीघ्र सख्त ही कार्रवाई का भरोसा दिया। इस दौरान राजेश मास्टर, रामदास कुशवाह, डा. प्रताप सिंह राना, मुकेश कुमार, राजेश कुशवाह, डा. विद्यासागर, प्रमोद कुमार, रामदास विसौलिया आदि थे।