फिरोजाबाद। दिव्यांग प्रमाणपत्र के सहारे बेसिक शिक्षा विभाग में बने शिक्षकों की जांच लखनऊ में की जा रही है। विशेष शिविर में शिक्षकों को अलग-अलग तिथियों में बुलाया जा रहा है। जिले से आठ शिक्षकों के नाम सूची में आए हैं। जिन्हें स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए लखनऊ में नौ फरवरी को उपस्थित होना होगा।
बीटीसी 2008 के अभ्यर्थियों की जांच चल रही है। कई शिक्षक जिले में ऐसे हैं, जो स्वस्थ हैं लेकिन नकली दिव्यांग प्रमाणपत्र के दम पर नौकरी हासिल किए हुए हैं। हाथ पैरों से दिव्यांग न दिखाकर अंधत्व या फिर कान खराब होने का दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवा लिया है।
जांच के समय में वह शिक्षक अवकाश पर चले जाते हैं। कुछ समय बाद जांच खत्म हो जाती है तो यह लोग फिर स्कूलों में पहुंच जाते हैं। लेनदेन करके रुका वेतन वापस लगवा लेते हैं। फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाकर नौकरी करने वाले शिक्षकों की संख्या जिले में बहुत है। फिलहाल जांच चल रही है, जो शिक्षक अन्य जिलों में चयनित हुए हैं उन्हें जांच कराने के लिए नोटिस भेजा गया है।