फिरोजाबाद/नारखी। बुधवार देररात कार सवार हथियारबंद बदमाशों ने मैक्स पिकअप, आठ हजार रुपये और मोबाइल लूटकर चालक और परिचालक को अवागढ़ के आगे नहर के किनारे फेंककर फरार हो गए। पीड़ित ने थाना नारखी पुलिस को तहरीर दी है। वहीं पुलिस घटना से इनकार कर रही है।
जनपद एटा थाना कोतवाली देहात के गांव असरौली निवासी जाकिर हुसैन थाना नारखी ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उनकी मैक्स पिकअप को लेकर चालक जलेसर निवासी इमरान तथा परिचालक जयपाल सिंह कानपुर सामान उतारने गया था। देररात वह कानपुर से वापस आ रहा था।
रात करीब 11:30 बजे नारखी क्षेत्र के गांव पिपरौली के पास मारुति 800 सवार पांच बदमाशों ने गाड़ी को रोक लिया। हथियारों के बल पर उन्होंने चालक की जेब में रखी आठ हजार रुपये और मोबाइल लूट लिए। लूटपाट करने के बाद दोनों के हाथ-पैर बांधकर उसी गाड़ी में डालकर अवागढ़ के आगे नहर के किनारे डालकर मैक्स पिकअप गाड़ी लेकर फरार हो गए। इस घटना की जानकारी गुरुवार सुबह चालक और परिचालक ने वाहन स्वामी को दी।
पीड़ित का कहना है थाना पुलिस ने तहरीर स्वीकार तक नहीं की, बल्कि यह कह दिया कि पहले उच्चाधिकारियों से वार्ता के बाद ही अभियोग दर्ज हो सकेगा। एसएसआई नारखी विजयपाल सिंह ने कहा ऐसा कोई मामला संज्ञान में नहीं है। कोई संज्ञान में आता है तो अभियोग दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।