कासगंज। भारत सरकार के राष्ट्रीय कृषि बाजार योजना के तहत अब हर माह की प्रत्येक 14 तारीख को ई-नैम दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दिवस के मौके पर गुरुवार को किसान एवं व्यापारिक फर्मों को उपाधि देकर सम्मानित किया गया। सर्वाधिक ई ट्रेडिंग के माध्यम से उपज का विक्रय करने वाले किसानों को ई-नैम कृषक श्री की उपाधि दी गई।
कृषि उत्पादन मंडी समिति के सचिव अशोक सिंह सोलंकी ने बताया कि राष्ट्रीय कृषि बाजार योजना के तहत प्रदेश की 100 मंडी समितियों को चयनित करते हुए ई ऑक्शन के माध्यम से ई ट्रेडिंग कराई जा रही है। 14 अप्रैल 2017 को यह योजना शुरू हुई थी। इसके को आकर्षक बनाने के लिए और किसानों व व्यापारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अब हर महीने की 14 तारीख को ई-नैम दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अब तक 10.62 करोड़ का कारोबार इस योजना के अंतर्गत हो चुका है।
किसानों और व्यापारियों को ई ट्रेडिंग सुविधा अपनाने पर सम्मानित किया जाएगा। चयनित व्यापारियों को प्रशस्ति पत्र एवं शॉल ओढ़ाकर जिलाधिकारी, सांसद, विधायक के द्वारा सम्मानित किया जाएगा। ई-नैम कृषकश्री की उपाधि किसान रनवीर सिंह निवासी नर्रई एवं ई-नैम श्री की उपाधि कारोबारी शंकरलाल एंड संस, पंकज ट्रेडर्स एवं राजेश ट्रेडिंग कंपनी को मुख्य अतिथि विशन चंद्र अग्रवाल ने प्रदान की। इस दौरान विक्रम सिसोधिया, योगेंद्र चंदेल, शंकर लाल, विजय बहादुर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।