मांट (मथुरा)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मांट पर तैनात चिकित्सकों की ड्यूटी के प्रति लापरवाही सामने आई है। रविवार रात सड़क हादसे में घायल अस्पताल में तड़पते रहे, ड्यूटी पर कोई डॉक्टर मौजूद नहीं मिला। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने मरहम पट्टी कर घायलों को रेफर कर दिया। एसडीएम मांट ने सोमवार सुबह निरीक्षण के दौरान अस्पताल में अनुपस्थित मिले चिकित्सा प्रभारी के निलंबन की संस्तुति करते हुए अधिकारियों को पत्र भेजा है।
रविवार रात सुरीर में हादसे के दौरान घायलों को सीएचसी मांट पर भेजा गया था, यहां कोई चिकित्सक नहीं मिलने के कारण घायलों को उपचार नहीं मिल सका। एक घायल की दूसरे अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। लोगों का कहना है कि उसे प्राथमिक स्तर पर सही इलाज मिल जाता तो उसकी जान बच सकती थी। सीएचसी पर डॉक्टरों के ड्यूटी से नदारद रहने की शिकायत पर एसडीएम वरुण पांडेय ने सोमवार सुबह 10 बजे अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया।
इस दौरान प्रभारी चिकित्सक योगेंद्र राणा केंद्र पर अनुपस्थित मिले। उन्होंने सीएमओ को फोन कर लापरवाह केंद्र प्रभारी को निलंबित करने को कहा। रविवार रात डॉ. राणा की रात्रि ड्यूटी थी, लेकिन वह केंद्र पर नहीं थे। एसडीएम ने कहा है कि इस तरह की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। केंद्र प्रभारी को निलंबित करने की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है।
अन्य अस्पतालों में भी रात को नहीं रहते डॉक्टर
मांट के अलावा नौहझील, चौमुंहा, बरसाना, सुरीर, छाता आदि के अस्पतालों में भी रात में कोई डॉक्टर नहीं रहता है। इसे लेकर लोगों में रोष है। लोगों ने डीएम से लापरवाह चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।