एटा। नगर निकाय चुनाव का बिगुल बज चुका है। जिले की नौ नगर निकायों में अध्यक्ष और सदस्य पदों के लिए तीसरे चरण में 29 नवंबर को मतदान होगा। इसके लिए चार से 10 नवंबर तक नामांकन होंगे। चुनाव में जिले के दो लाख से ज्यादा मतदाता अपनी नगर निकाय के अध्यक्ष और सदस्य का चुनाव करेंगे। मतगणना एक दिसंबर को होगी। प्रशासन ने शुक्रवार को चुनाव घोषणा होने के बाद तैयारियां तेज कर दी हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार शाम नगर निकाय चुनाव को लेकर अधिसूचना जारी कर दी। अधिसूचना जारी होते ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई। जिले की निकायों मेें तीसरे चरण में चार नवंबर से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। वहीं 10 नवंबर को नामांकन की अंतिम तिथि होगी। 11 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।
इसके बाद प्रत्याशी 13 नवंबर तक नाम वापस ले सकेंगे। 14 नवंबर को प्रत्याशियों को प्रतीक चिह्ननों का आवंटन किया जाएगा। जिले की नौ नगर निकायों में 29 नवंबर को मतदान होगा और एक दिसंबर को मतगणना की जाएगी। अधिसूचना जारी होने के बाद राजनीतिक दलों और दावेदारों में हलचल तेज हो गई है। वहीं प्रशासन भी चुनाव की तैयारियों में जुट गया है।