मार्ग दुर्घटनाओं में बिजली विभाग के लाइनमैन सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य हादसे में छह लोग घायल हो गए। जिन्हें पुलिस और राहगीरों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना जैथरा क्षेत्र के गांव तिगरा निवासी सुखवासी लाल (38) कस्बा धुमरी बिजलीघर में संविदा पर लाइनमैन है। रविवार देर शाम वह साइकिल से घर लौट रहा था। उसी समय कस्बा जैथरा बिजली घर के पास उसे ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गया। परिवारीजनों ने भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना सकीट क्षेत्र के गांव बहलोलपुर निवासी रवि कुमार (24) बाइक से गांव से एटा शहर के अवंतीबाई नगर स्थित अपने दूसरे मकान पर जा रहा था। बाइक लेकर युवक थाना रिजोर क्षेत्र के निधौलीखुर्द के पास पहुंचा ही था। उसी समय अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक नियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव बारथर समीप टेंपो पलट गया। इससे टेंपो सवार तमन्ना, नूरबानो, सुकरान बेगम, खुशवानो निवासी पलिया थाना निधौलीकलां घायल हो गए। जबकि इसी थाना क्षेत्र के अलीगंज रोड चांदपुर के पास बाइक सवार आशुतोष निवासी नवीन नगर और आशीष निवासी ठंडी सड़क अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गए।