एटा। सिंचाई विभाग के जेई सत्यम मिश्रा की हत्या के पीछे पुलिस और कालोनी के लोग सुबह से ही प्रेम प्रसंग की आशंका जता रहे थे। लेकिन शाम तक पुलिस जांच में जेई की ट्यूटर प्रेमिका की कहानी फिट हो गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि जेई के शहर के कोचिंग सेंटर में पढ़ाने वाली ट्यूटर से प्रेम संबंध होने के कारण दोनों चार महीने से लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। जांच में यह भी सामने आया है कि ट्यूटर ने कोचिंग सेंटर में जेई के सरकारी आवास का पता लिखाया था। अब पुलिस जेई के रूम पार्टनर रविकांत मौर्य के आने का इंतजार कर रही है।
थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के मंदाकिनीपुरम कालोनी के सरकारी आवास में रह रहे सिंचाई विभाग के जेई सत्यम मिश्रा को बिजली का करंट लगने के बाद गला रेत कर हत्या पुलिस दो दिन पहले होने मान कर चल रही है। हत्या के बाद मंदाकिनीपुरम के लोग प्रेम प्रसंग का मामला होने पर शक जाहिर कर रहे थे।
अब पुलिस जांच में भी सामने आया है कि शहर के कोचिंग सेंटर में पढ़ाने वाली ट्यूटर से जेई सत्यम मिश्रा के प्रेस संबंध थे और दोनो चार महीने से लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। पुलिस की माने तो दोनो की नजदीकियों का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ट्यूटर ने कोचिंग सेंटर में अपना पता जेई सत्यम मिश्रा के सरकारी आवास का लिखाया था। मृतक जेई सत्यम मिश्रा अविवाहित था।
सीओ सिटी वरुण कुमार ने बताया कि जेई हत्याकांड की तफ्तीश रंजिश और प्रेम प्रसंग दोनों बिंदुओं पर चल रही है। शाम पांच बजे जेई का पिता, भाई समेत परिवारीजन पीएम हाउस पहुंचे तो शव देख कोहराम मच गया। सीओ सिटी ने बताया कि सत्यम मिश्रा का रूम पार्टनर रविकांत मौर्य के आने पर ही हत्याकांड की कड़ियां जुडे़ंगी।
ट्यूटर के चाहने वाले पर भी हत्या करने का शक
पुलिस की माने तो जरूरी नहीं है कि प्रेमिका ट्यूटर या उसके परिवारीजन ने जेई सत्यम मिश्रा की हत्या को निर्मम तरीके से अंजाम दिया हो। पुलिस इस बिंदु पर भी काम कर रही है कि कहीं ट्यूटर के चाहने वाले या एक तरफा प्यार में पागल प्रेमी ने युवती और जेई के बीच करीबियां देखने के बाद हत्याकांड को अंजाम दिया हो। फिलहाल पुलिस जांच की कहानी प्रेम प्रसंग, त्रिकोणीय प्रेम और रूम पार्टनर के आसपास घूम रही है।
मदाकिनीपुरम में जेई सत्यम मिश्रा की हत्या से पहले युवती के उसके आवास पर आने की बात सामने आई है। हत्याकांड के पीछे प्रेम प्रसंग से इनकार नहीं किया जा सकता। हत्या की तफ्तीश कई बिंदुओं पर चल रही है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा होगा।
अखिलेश कुमार चौरसिया, एसएसपी एटा