गोवर्धन(मथुरा)। गुरुवार को पशु पैंठ में भैंस खरीदने आए पशु व्यापारी से लुटेरे ने 21 हजार रुपए लूट लिए। पीछा कर रहे व्यापारियों को लुटेरे ने तमंचा दिखाकर भयभीत कर दिया। दिनदहाड़े पशु पैंठ में हुई लूट से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लुटेरे की तलाश की।
थाना महावन के व्यापारी मौहल्ला निवासी इकराम पुत्र छोटे भैंस खरीदने के लिए गोवर्धन की पशु पैंठ में गया। भैंस का सौदा करने के बाद धनराशि गिन रहे पशु व्यापारी के हाथ से लुटेरा 21 हजार रुपए लूटकर भाग खड़ा हुआ।
कुछ व्यापारियों ने लुटेरे का पीछा किया, पर लुटेरे ने तमंचा दिखाकर उन्हे डरा दिया। सूचना पर पहुंची गोवर्धन पुलिस ने लुटेरे की तलाश की, पर वह हत्थे नहीं चढ़ सका। पशु व्यापारी ने पैंठ के सामने रामा गली निवासी केशपाल पुत्र रामजीत के खिलाफ लूट का मुकद्दमा दर्ज कराया है।
प्रभारी निरीक्षक कमलेश सिंह ने बताया कि लुटेरे के पिता और भाई का हिरासत में लिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो लुटेरा काफी शातिर है।