मथुरा। समायोजन रद्द होने से गुस्साए शिक्षामित्राें का प्रदर्शन गुरुवार को भी जारी रहा। शिक्षामित्रों ने सांसद हेमामालिनी के कार्यालय, ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के आवास का घेराव किया। ऊर्जा मंत्री के आवास पर तो शिक्षामित्र करीब साढे़ चार घंटे तक जमे रहे। हाईवे जाम करने के ऐलान पर भारी फोर्स भी आ डटी। मंत्री द्वारा फोन पर समझाने पर शिक्षामित्र वहां से हटे। शुक्रवार को शिक्षामित्र स्कूल बंदी, रेल रोको प्रदर्शन के साथ बीएसए दफ्तर पर धरना देंगे।
उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष खेम सिंह चौधरी और ब्लाक अध्यक्ष राजकुमार चौधरी के नेतृत्व में जुटे शिक्षामित्रों ने गुरुवार को सुबह दस बजे ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा का आवास का घेराव किया। करीब 11 बजे फोन पर ऊर्जा मंत्री ने उन्हें दो घंटे इंतजार करने के लिए कहा गया।
शिक्षामित्रों ने ऐलान कर दिया कि यदि उन्हें सार्थक जवाब नहीं मिला तो हाईवे जाम करेेंगे। करीब दो बजे ऊर्जा मंत्री ने संगठन के जिलाध्यक्ष खेम सिंह चौधरी को अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता करने के लिए लखनऊ आमंत्रित किया। साथ ही सरकार के शिक्षामित्रों के साथ होने का भरोसा दिलाया।
तब कहीं वहां से शिक्षामित्र हटे। मौके पर दीपक गुप्ता, सतेंद्र सिंह, राम कुमार, हरभान सिंह, गिरधारी लाल शर्मा, संजय सिसौदिया, गिरिजेश कुमार, वेदवीर, सरिता शर्मा, हेमलता शर्मा, सरोज, लक्ष्मी, रेखा, किरन पालीवाल, विमलेश, राजकुमारी, सीमा, गीता, रेखारानी, राधारानी गुप्ता, काजल, सुनीता शर्मा, सुनीता चौधरी मौजूद रहीं।
वहीं दूसरी ओर आदर्श शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष दुष्यंत सारस्वत के साथ तमाम शिक्षामित्र सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट पहुंच गए। यहां दिन में11.30 बजे तक धरना दिया। फिर सांसद हेमामालिनी के कार्यालय का पहुंचकर घेराव कर दिया। यहां भी शिक्षामित्र घंटों तक जमे रहे।
मुख्यमंत्री और सांसद को संबोधित ज्ञापन एसडीएम और सांसद कार्यालय प्रभारी को सौंपा। मौके पर हाकिम सिंह, राधाकांत, रामकुमार, हरीशंकर, कमल सिंह, प्रमोद रावत, तीर्थराज, कैलाश, टीटू शर्मा, सत्यभान, ओमवीर सिंह, कुलदीप रावत, रेखा चौधरी, बबिता, अनीता, राजकुमारी, ऊषा वर्मा, राखी गुर्जर, सविता, संगीता, दीप्ति, उर्मिला, पूजा आदि रहीं।