मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला कवर में सोमवार को मां के आंचल से निकलकर कूलर के पास पहुंची मासूम को मौत की थपकी लग गई। कूलर में आ रहे करंट की चपेट में आकर बच्ची की मौत हो गई। परिवारीजन चिकित्सक के पास पहुंचे वहां उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार को उसका पहला जन्मदिन था। घर में माता पिता ने सारी तैयारियां कर ली थीं।
गांव नगला कवर निवासी रत्नेश की एक वर्षीय पुत्री तालबी सुबह करीब छह बजे जागी फिर अकेले जमीन पर खेलने लगी। उसके बाद कूलर के पास पहुंच गई कूलर में करंट आ रहा था बच्ची ने जैसे ही कूलर को छुआ तो करंट ने उसे चपेट में ले लिया। जिससे बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। मां-बाप जागे तो बच्ची को पलंग पर न देखकर खोजने लगे तभी वो जमीन पर बेसुध पड़ी थी। उसके शरीर में कोई हरकत न देखकर मां डर गई।
आनन-फानन में बच्ची को निजी चिकित्सक को दिखाया गया तो उसने मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। मां बाप का तो रो-रोकर बुरा हाल था। रात को काफी देर तक हंसी खुशी से जन्मदिन को मनाने की बात चलती रही। मगर शायद किसी को नहीं पता था कि तालबी जन्मदिन की सुबह कभी नहीं देख सकेगी।
तालबी के करंट से मौत की जानकारी हुई तो घर में चीख पुकार मच गई। मां तो कई बार बेहोश हुई। हर बार उठने पर बच्ची का ही नाम ले रही थी। वहीं पिता रत्नेश भी बच्ची के शव से लिपटकर रोते रहे।