फिरोजाबाद। बिजली विभाग ने बुधवार को छापेमारी करके रसूलपुर स्थित बजरंग वाटिका के निकट एक मकान से 180 किलोग्राम चोरी का एल्युमीनियम का तार बरामद किया। बिजली के ये तार कहीं से चोरी करके यहां छिपाकर रखे गए थे। छापामार कार्रवाई से क्षेत्र में खलबली मच गई।
विभागीय अफसरों को सूचना मिली थी कि रसूलपुर स्थित बजरंग वाटिका के निकट एक मकान में भारी मात्रा में बिजली का तार रखा हुआ, जो कहीं से चोरी कर लाया गया है। उच्च अफसरों के निर्देश पर रसूलपुर सबस्टेशन के अवर अभियंता डीके वर्मा ने टीम के साथ वाटिका के निकट हाजीपुरा में स्थित मकान में छापामारी की।
मकान में तलाशी के दौरान एल्यूमीनियम तार के कटे हुए कई बंडल बरामद हुए। टीम ने तारों के बंडल कब्जे में ले लिए। मकान मालिक से तार के संबंध में पूछताछ की गई। अवर अभियंता डीके वर्मा ने बताया कि मकान मालिक भूरा पुत्र महबूब (साउंड वाले) ने बताया कि यह तार उसका भांजा निवासी आगरा चोरी करके लाया था।
हालांकि इस दौरान भूरा खुद भी बिजली विभाग की टीम को चकमा देकर छत के रास्ते से भाग निकला। टीम ने मकान से बरामद तार को जब्त कर स्टोर में जमा करा दिया है। साथ ही भूरा के खिलाफ थाना रसूलपुर में तहरीर दी गई है। दबिश में बिजली विभाग की डिस्कनेक्शन टीम के सुपरवाइजर राकेश कुमार और शिवकुमार भी शामिल थे।