बेखौफ चोरों का कहर:अछनेरा के गांव भिलावटी में चोरी, ठेकेदार के घर से सवा दस लाख नकदी, जेवर समे
अछनेरा। थाना क्षेत्र के गांव भिलावटी में बृहस्पतिवार रात ग्राम पंचायत ठेकेदार के घर में घुसे चोर 10.25 लाख रुपये नकद और जेवर समेत करीब 16 लाख रुपये का माल समेटकर ले गए। सुबह से नींद से जागने पर घर का नजारा देख परिजन दंग रह गए। थाना पुलिस और फाॅरेंसिस टीम जांच पड़ताल में जुटी है।
गांव भिलावटी निवासी सेवेंद्र सिंह पुत्र महावीर सिंह नरवार अछनेरा ब्लाॅक की ग्राम पंचायत में ठेकेदार है। सेवेंद्र ने पुलिस को बताया बृहस्पतिवार रात 10 बजे करीब भोजन करने के बाद पत्नी बबिता, बेटा, बेटी समेत परिवार के सभी सदस्य सो गए। रात में चोर बाउंड्रीवॉल फांदकर घर के अंदर घुस गए। जंगले के रास्ते दरवाजे की कुंडी खोलने के बाद चोर अलमारी का ताला तोड़कर 10.25 लाख रुपये नकद और लगभग छह लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण समेटकर ले गए। शुक्रवार सुबह परिजन की नींद खुली, तो कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। सूचना पर थाना अछनेरा पुलिस, फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। थाना प्रभारी अछनेरा ने बताया घटनास्थल से फिंगरप्रिंट सहित अन्य साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। चोरों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगा दी हैं।
प्रधानी के चुनाव को घर में रखा था कैश
पीड़ित सेवेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि वह आगामी ग्राम पंचायत चुनाव में प्रधानी के लिए दावेदारी करेंगे। प्रधानी का चुनाव लड़ने के लिए उन्होंने घर मे कैश जमा करके रखा था, जिसे चोर ले गए। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि थाना पुलिस रात में गश्त नहीं करती है। पुलिस की लापरवाही और अनदेखी से चोरों के हाैसले बुलंद हैं।