कासगंज। पंचम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को जिला, तहसील एवं विकास खंड स्तर पर मनाया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम श्री गणेश इंटर कालेज में योग दिवस पर सुबह 6 से 7:30 बजे तक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें 5000 लोगों के एक साथ योग करने के लिए व्यवस्थाएं की हैं। पतंजलि योग समिति से जेसी चतुर्वेदी एवं प्रजापिता ईश्वरी ब्रह्मकुमारी विश्वविद्यालय से राज योगिनी सरोज दीदी तथा योग प्रशिक्षकों द्वारा योगाभ्यासियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने कहा कि जनपद स्तरीय, तहसील स्तरीय एवं विकास खंडों पर आयोजित होने वाले योग दिवस के कार्यक्रमों के लिए समितियां एवं नोडल अधिकारी नामित कर दिए गए हैं। योग कार्यक्रम के प्रति जन जागरूकता हेतु 20 जून को रैली का आयोजन होगा। 30 जून तक योग पखवाड़ा मनाया जाएगा। खराब मौसम के दृष्टिगत वैकल्पिक रूप से हॉल आदि की भी व्यवस्था हो। एंबुलेंस व डाक्टर की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। लोगों से योग दिवस पर कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
62 स्कूलों के विद्यार्थी करेंगे योग
एटा। योग आयोजन में जनपदीय विद्यालयों की अहम भूमिका रहेगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने 62 विद्यालयों की सूची जारी कर विद्यार्थियों केे साथ शिक्षक कर्मचारियों के प्रतिभाग के निर्देश दिए हैं। सर्वाधिक 20 विद्यालय जीआईसी पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज हो गई हैं। ब्लाक स्तर पर हो रहे आयोजन में छात्र-छात्राओं की अधिकता रहेगी। डीआईओएस केएस वर्मा ने ब्लाक स्तरीय योग शिविरों के लिए निकटवर्ती स्कूलों की सूची जारी कर प्रतिभाग के निर्देश दिए हैं। सर्वाधिक 20 स्कूल एटा एवं अवागढ़ के लिए मात्र चार स्कूलों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
स्कूली बसों से आएंगे 12 गांवों के बच्चे
ग्रामीण योग शिविर में स्कूल बसों द्वारा लाए जाएंगेे। डीआईओएस केएस वर्मा ने अंबारी, रुद्रपुर, मरथरा, नगला जोरी, डॉंडा, फफोतू, नगला घमुरिया, मरथरा, गाजीपुर पहोर, भगवानपुर, गंगनपुर आदि गांवों के लोगों को लाने के लिए सरस्वती विद्या मंदिर, बीपीएस, यादकुमारी स्मृति स्कूल, डॉ लोकमन दास, सेंट पाल्स, श्रीराम बालभारती, लिमरा इंटरनेशनल, एसबी पब्लिक स्कूल, एसजेएस एवं एएमआर पब्लिक स्कूल के वाहनों को लगाया है। वाहन सुबह पांच बजे गांवों में पहुंच जाएंगे।