मथुरा। जलभराव और टूटी सड़क को लेकर सोमवार को बालाजीपुरम क्षेत्र की एक दर्जन से अधिक कॉलोनियों के रहने वाले लोगों ने सोमवार को निगम कार्यालय पर हंगामा किया। उन्होंने नारेबाजी कर निगम के अधिकारियों को जमकर कोसा। लोगों ने महापौर और नगर आयुक्त की अनुपस्थिति में संयुक्त नगर आयुक्त को अपनी समस्याओं की जानकारी दी।
वार्ड संख्या 53 में बालाजीपुरम क्षेत्र में करीब 30 कालोनी हैं। क्षेत्रीय लोगों द्वारा काफी दिनों से जलभराव और टूटी सड़कों की समस्याओं के लिए निगम के अधिकारियों से बातचीत की जा रही थी। जब अधिकारियों द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया गया तो सोमवार को क्षेत्र की एक दर्जन से अधिक कॉलोनियों के रहने वाले महिला-पुरुष नगर निगम कार्यालय पहुंच गए । महापौर और नगर आयुक्त की गैर मौजूदगी में गुस्साए लोगों ने संयुक्त नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह के सामने प्रदर्शन किया।
उन्होंने नारेबाजी कर समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की। लोगों ने कहा कि क्षेत्र में खराब पड़े हुए 28 हैंडपंपों को रीबोर कराया जाए। जलभराव और टूटी सड़कों से निजात दिलाया जाए। क्षेत्रीय पार्षद देवेन्द्री ठैनुआ ने बताया कि निगम अधिकारियों द्वारा उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। प्रदर्शन करने वालों में सतपाल सिंह, मोहन सिंह, भूपेंद्र, बच्चू सिंह, चन्द्रवीर, शशि, राजबाला आदि मौजूद थे । उधर संयुक्त नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने बताया कि लोगों की समस्याओं को संबंधित विभागों को जानकारी दे दी गई है ।