एटा। दादू आसपुर में पेड़ पर लटके मिले प्रेमी प्रेमिका की तस्वीर जिसने भी देखी, उसने पहली नजर में ही कह दिया कि हत्या कर शव यहां लटकाए गए हैं। सभी की तरह पुलिस भी यही मान रही थी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा तो परिणाम चौंकाने वाले आए। जिसने भी सुना उसे विश्वास नहीं हुआ। तीन दिन की विवेचना और कई लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर एक्सपर्ट की सलाह ले रही है। इसके लिए पत्राचार कर दिया गया है।
जमीन से छूते पैर, फंदे पर लटके शरीर लेकिन दोनो के गले पीछे की ओर मुड़े हुए, हाथों और शरीर के अन्य हिस्सों का नीला पडना आदि ऐसी कई बातें थीं जो चीख चीख कर सत्यप्रकाश और पूजा की हत्या किए जाने की गवाही दे रहीं थीं। पेड़ पर लटके शव देखकर सभी ने हत्यारों को खूब कोसा। सभी ने यही कहा जिसने भी यह किया उसे सजा मिलनी ही चाहिए। पुलिस भी यह सोच रही थी कि पीएम होगा तो हत्या की वजह कुछ ओर ही निकलेगी। लेकिन पुलिस ने शव के पोस्टमार्टम कराए तो कहानी पलट गई। पीएम रिपोर्ट में मौत की वजह फांसी पर लटकने से बताई गई। इसके बाद पुलिस ही नहीं सभी लोग इस रिपोर्ट पर शक की नजर से देखने लगे। पुलिस लगातार मामले को खोलने के प्रयास में लगी हुई है, लड़की माता, पिता और मामा से पूछताछ कर रही है। चूंकि शक की पहली सुई इन तीनों पर ही है तो पुलिस इन्हें कतई ढील देने के मूड में नहीं है। पुलिस ने अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर शंका व्यक्त करते हुए इसमें फारेंसिक एक्सपर्ट की सलाह मांगी है। फारेंसिक एक्सपर्ट जांच कर यह बताएगा कि यह रिपोर्ट सही है या इसमें बदलाव की आवश्यकता है। इसके लिए एसएसपी की ओर से पत्राचार कर दिया गया है, जल्द ही यह टीम आकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट की स्थिति स्पष्ट करेगी।
---------
बीटीएस डाटा का सहारा ले रही पुलिस
घटना की रात मौके पर कौन था इसके लिए पुलिस ने घटना स्थल का बीटीएस डाटा उठाया है। इससे यह स्पष्ट हो जाएगा कि घटना स्थल पर देर रात कौन कौन था। यह डाटा वहां के सबसे नजदीकी टॉवरों के जरिए लिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बीटीएस डाटा आरोपी की स्पष्ट पहचान करने में सहायक साबित होगा। इसके अलावा मृतक सत्य प्रकाश व लड़की के परिजनों की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है। नेटवर्क कंपनियों से डाटा आते ही यह भी स्पष्ट हो जाएगा कि सत्य प्रकाश को फोन कर किसने बुलाया था।
-------
हर संभावित से हो रही पूछताछ
पुलिस मामले में कोई चूक नहीं कर रही। पुलिस को जिस तरफ इशारा और शक होता है पुलिस वहां जांच करती है। अब तक इस मामले में लड़की के परिजनों के अलावा कई लोगों से पूछताछ हो चुकी है। सूत्रों की मानें तो गुरुवार रात को भी पुलिस ने कुछ लोगों को उठाया है। जिनसे पूछताछ चल रही है। जैसे जैसे मामला स्पष्ट होता जा रहा है, पुलिस की तेजी बढ़ रही है। तीन टीमें गुरुवार को भी दबिश देने गई हुई हैं। अगर इस पहलू पर पुलिस को कुछ मिला तो मामला शुक्रवार को खुल सकता है।
-------
वर्जन
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना स्पष्ट नहीं हो पा रही है। पुलिस की तीनों टीमें लगातार दबिश दे रहीं हैं। फारेंसिक एक्सपर्ट की भी सलाह ली जा रही है। घटना को सही खोलने और सही आरोपियों को पकडने का प्रयास किया जा रहा है। पूरी कोशिश की जा रही है कि एक दो दिन में घटना का खुलासा कर दिया जाए। - स्वप्निल ममगाई, एसएसपी, एटा