खेत में पशु चराने के विवाद में संघर्ष, बालक की मौत
- फोटो : अमर उजाला
सहावर/कासगंज। सहावर के ग्राम खाता फरीदपुर में खेत में पशु घुस जाने के विवाद में दो गांव के ग्रामीणों के बीच हुए संघर्ष में बालक की मौत हो गई। जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मटरु लाल जाटव निवासी खाता फरीदपुर के खेत में कृष्णपाल यादव व कुमर पाल यादव के जानवर घुसकर फसल को नष्ट करने लगे। जब इस बात की जानकारी उनको हुई तो वे खेत पर पहुंच गए और जानवरों का बाहर निकालने को कहा। इस बात पर विवाद हो गया। विवाद के बाद मटरू तथा उसके साले रुपेंद्र को गालीगलौज करते हुए मारपीट कर दी। शोर सुनकर वाटर पंप मालिक राजकुमार ने भी गालीगलौज देने से मना किया। इसी बीच कृष्णपाल व कुमर पाल के पक्ष से नेत्रपाल यादव, शिवेंद्र आदि भी मौके पर आ गए और राजकुमार को मारने के लिए भागे। इसी बीच उनका बेटा गुरदीप (12) वहां आ गया। आरोपियों ने उसे धक्का मार दिया, जिससे वह वाटर पंप के पट्टे से जा टकराया और पट्टे से उसका हाथ कट गया। शरीर में अन्य जगह चोट आ गई। जब परिजन बालक का लेकर अस्पताल पहुंचे तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राजकुमार ने चारों आरोपियों को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी गनेश सिंह चौहान ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। कोई भी आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है।
तीन भाइयों में सबसे बड़ा था बालक
सहावर। ग्राम खाता में संघर्ष के दौरान धक्का मार देने से पंप के पट्टे की चपेट में आकर मौत के आगोश में समाए बालक गुरदीप अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके कुलदीप (9), हरपीत (6) दो भाई और है। बड़ा बेटा होने के कारण वह अक्सर अपने पिता के साथ पंप पर जाकर उनकी मदद कर देता था। उसकी मौत से परिजन सदमे में हैं।
गांव में कर दिया अंतिम संस्कार
सहावर। मृतक गुरदीप का गांव में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। उसके शव को गांव में ही दफना दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव के गांव में पहुंचते ही काफी संख्या में लोग उनके घर पर एकत्रित हो गए। लोगों ने परिजनों को ढांढस बंधाया।