मथुरा। छाता के गांव बहरावली में घर से 50 मीटर दूर हमलावरों ने लाठी-डंडों से पीट पीटकर एक किसान की हत्या कर दी। हमले में किसान का नाती भी घायल हो गया। खेत की मेड़ को लेकर कुनबे के ही लोगों से विवाद हुआ था। किसान के खेत की मेड़ काट ली गई थी जिस पर उसने नाराजगी जताई थी। छाता पुलिस ने एक हमलावर पकड़ा है, जबकि दो हमलावरों की तलाश में दबिश दे रही है।
कोतवाली छाता के गांव बहरावली निवासी रघुवर (58) पुत्र जीवन नाती लालाराम (14) पुत्र रतन सिंह के साथ गुरुवार की शाम छह बजे खेत पर धान की पौध को पानी देने खेत पर गया था। यहां खेत की मेड़ कटी देखकर कुनबे के अमर सिंह पर नाराजगी जताई। इस पर विवाद बढ़ गया। अमर सिंह और उसके भाई मारपीट पर उतर आए। इस पर रघुवर नाती लालाराम को लेकर वहां से घर की तरफ दौड़ पड़ा।
अमर सिंह और उसके भाइयों परसौती और बलवीर भी डंडे लेकर पीछे दौड़ पड़े। रघुवर नाती के साथ घर से 50 मीटर दूर पहुंचा ही था कि इन लोगों ने उस पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडों से पीटा गया। हमले में किसान की मौत हो गई, जबकि नाती घायल हो गया। ग्रामीण और किसान के परिजन तक तक आते, तब तक हमलावर भाग खड़े हुए। सूचना पर पहुंची छाता पुलिस ने घायल नाती को अस्पताल में भर्ती कराते हुए मृतक का शव कब्जे में लिया। पुलिस ने हमलावरों की तलाश की तो एक आरोपी हत्थे चढ़ गया।
कोतवाली प्रभारी हरवेंद्र मिश्रा ने बताया कि मृतक के बेटे रतन सिंह ने तीन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। मुख्य आरोपी अमर सिंह को पकड़ लिया गया है। जल्द ही फरार हत्यारोपी पुलिस की पकड़ में होंगे।