गोवर्धन (मथुरा)। थाना गोवर्धन के गांव अड़ींग की हनुमानजी बगीची के पुजारी पर भूत-प्रेत भगाने और झाड़-फूंक से इलाज करने की एवज में दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगा है। आरोप है कि पीड़िता के पति और अन्य परिजनों ने विरोध किया तो मारपीट भी कर डाली।
दर्ज कराई रिपोर्ट में महिला ने बताया कि 10 अप्रैल को उसके पति बीमार होने पर अड़ींग की हनुमानजी बगीची पर पुजारी रामलाल भगत के यहां इलाज कराने के लिए ले गए। इस पर उसने रात में आने को कहा। उसने रात में करीब 11 बजे इलाज के नाम पर पति को बाहर बैठा दिया और महिला को कमरे में बंद कर लिया।
उसने महिला से आंख में आंख डालने को कहकर बताया कि उसे भूत-प्रेत का साया है। बाद में उसने तीन पर्ची बनाई, जिसमें एक पर पत्नी, बहन और बेटी लिखा। वह कुछ देर बाद संबंध बनाने की कोशिश करने लगा। महिला पुजारी के इरादे को भांप गई और उसके चंगुल से बाहर निकल आई। इसके बाद वह रोहतक चली गई।
उसने अपने साथ हुई आप-बीती पति और देवर को बताई। इसके बाद पुजारी के पास पति और अन्य परिजन गए तो मारपीट कर डाली। उसका एक सोने का कुंडल भी गिर गया है। महिला की तहरीर पर शुक्रवार को मुकदमा दर्ज कर लिया है।