मथुरा। गुरुवार को आंधी से जौनाई गांव में एक मकान गिर गया था। मलबे में दबकर परिवार के चार लोग घायल हो गए थे। इन घायलों में से एक किशोर ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है।
किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। वहीं प्रशासन ने अभी तक परिवार की सुध नहीं ली है न ही किसी प्रकार की आर्थिक मदद ही उपलब्ध कराई है।
जैंत में मघेरा-जैंत मार्ग पर हरीचंद के निर्माणाधीन मकान में जौनाई निवासी अतर सिंह भाट का परिवार रह रहा है। गुरुवार की दोपहर को आई आंधी में यह मकान गिर गया। मकान के मलबे में दबकर अतर सिंह, उसकी पत्नी रामप्यारी, चौदह साल का बेटा कृष्णा और सोमवीर घायल हो गए थे।
सभी घायलों को ग्रामीणों ने अस्पताल में भर्ती करा दिया था। कृष्णा के सिर में गहरी चोट लगी थी जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। शुक्रवार की सुबह को कृष्णा की उपचार के दौरान मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि अतर सिंह का परिवार बेहद गरीब है। लेकिन प्रशासन ने भी किसी प्रकार की मदद नहीं की है।