एटा। क्षेत्र के घंटाघर के मैनगंज में शादी के सामान की दुकान के ताले तोड़कर चोर हजारों का सामान ले गए। सुबह दुकान पर पहुंचे व्यापारी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली नगर में तहरीर दी है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के घंटाघर निवासी अमर सिंह गोस्वामी की शहर के मैनगंज में शादी समारोह के लिए माला, पगड़ी आदि के सामान की दुकान है। शाम को दुकान में ताला लगाकर व्यापारी घर चला गया। उसी समय रात को अज्ञात चोरों ने दुकान के ताले तोड़ दिए। इसके बाद चोर दुकान के अंदर रखी तीस हजार रुपये नोट वाली माला, इन्वर्टर, पंखा और दस हजार रुपये का अन्य सामान चोरी करके ले गए। घटना की जानकारी उस समय हुई जब सुबह दुकान खोलने के लिए व्यापारी पहुंचा। जहां उसने दुकान के टूटे हुए ताले और सामान गायब देखा। इसकी जानकारी पीड़ित ने कोतवाली नगर पुलिस को दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल को देखते हुए लोगों से जानकारी हासिल की।