नौसेनिक को श्रद्घांजली देते विधायक रामगोपाल उर्फ पप्पू लोधी
- फोटो : amar ujala
जसराना। ‘नौसैनिक कौशलेंद्र के रिटायर होने पर मिलने वाले फंड पर उनके ससुरालवालों की नजर थी। उसी की खातिर उनकी पत्नी संध्या ने अपने परिवार वालों के साथ मिलकर उनकी हत्या कर दी।‘ यह आरोप मृतक के बड़े भाई मलयेशिया में साफ्टवेयर इंजीनियर रवींद्र प्रताप ने लगाया।
वे अपने पिता और मां के साथ कौशलेंद्र का पार्थिव शरीर लेकर मंगलवार रात गांव नवादा पहुंचे थे। बुधवार को राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। विधायक रामगोपाल उर्फ पप्पू लोधी ने सैनिक को श्रद्घांजलि देने के साथ शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।
रवींद्र कहा कि गोवा में आईएनएस हंस पर एयरक्राफ्ट हैंडलर रहे कौशलेंद्र की हत्या शनिवार रात हुई। उनका उनकी पत्नी संध्या के साथ आए दिन झगड़ा होता रहता था। कौशलेंद्र की पत्नी की मां भी अपने पति पर हमला कर चुकी है। उसने ही संध्या को हत्या करने के लिए भड़काया। जुलाई माह में कौशलेंद्र सेवानिवृत्त हो रहे थे। उनको फंड मिलना था। पैसे पर ससुरालियों एवं पत्नी की नजर लगी हुई थी।
नौसेना के अधिकारियों के साथ राजनीतिक लोग पहुंचे
जसराना। नौसैनिक कौशलेंद्र प्रताप के शव के साथ नौसेना के लेफ्टीनेंट कमांडर प्रवीन, विजय सिंह नेहर, अजय यादव, वीके पासवान, आलोक कुमार, हिमांशू सचान आए। सैनिकों ने कौशलेंद्र को सलामी दी। वहीं जसराना विधायक रामगोपाल उर्फ पप्पू लोधी, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि डा. संजीव यादव, पूर्व ब्लाक प्रमुख डा. रामपाल सिंह यादव, कोतवाल गिरीश चंद्र ने भी श्रद्घांजलि दी।
अंतिम बार पिता से नहीं मिल पाई बेटी
जसराना। कौशलेंद्र की बेटी वर्तिका को हत्या के खुलासे में अहम कड़ी माना जा रहा है। कौशलेंद्र का शव लेने पहुंचे पिता, मां एवं चाचा से भी वर्तिका को नहीं मिलने दिया। परिजनों ने अधिकारियों से पिता के अंतिम दर्शन के लिए भेजने का अनुरोध किया लेकिन नेवी के अधिकारियों ने मना कर दिया। बेटी के न आने पर मुखाग्नि बड़े भाई रवींद्र प्रताप ने दी।