किशनी (मैनपुरी)। कम्युनिटी सेंटर में गायों की मौत का सिलसिला अभी थमा नहीं है। बुधवार को जब भाजपा पदाधिकारी जायजा लेने पहुंचे तो गायों की दुर्दशा देख ईओ की शिकायत मुख्यमंत्री से करने की बात कही।
जब ईओ से पूछा गया तो उनके बोल बिगड़े हुए थे। उनका कहना है कि जिसे मुख्यमंत्री से शिकायत करनी है करे, उन्हें अपना काम करना है फिर जिसे जो करना है करे। कम्युनिटी सेंटर में घुमंतू पशुओं को रखने की व्यवस्था की गई है, मगर उचित देखरेख व उपचार के अभ्लाव में आए दिन गाय मर रहीं हैं।
बुधवार को भाजपा जिला महामंत्री रमाशंकर तिवारी, रामनरेश गुप्ता, ओमजी दुबे, सभासद आदेश गुप्ता, राजा दुबे, बॉबी भदौरिया, राहुल गुप्ता आदि कम्युनिटी सेंटर पहुंचे। वहां कई गाय धूप में खड़ी हुईं थीं, कई बीमारी के चलते मरणासन्न पड़ी हुईं थीं।
गायों की दुर्दशा देखने के बाद भाजपाइयों ने ईओ दुर्गेश कुमार से कम्युनिटी सेंटर आने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने छुट्टी पर होने की बात कहते हुए असमर्थता जताई। आक्रोशित भाजपाइयों ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से करने की बात कही है।
उनका कहना है कि पर्याप्ता मात्रा में दाना, भूसा आदि न दिए जाने के चलते कई गाय मर चुकीं हैं। गायों को रखे जाने के लिए पर्याप्त छाया की व्यवस्था भी नहीं है। इसके अलावा भूसा आदि की खरीद में भी भ्रष्टाचार किया गया है।
ईओ ने कहा कि गायों के लिए बेहतर इंतजाम करने का प्रयास किया जा रहा है, लोग मदद की जगह राजनीति कर रहे हैं।