वृंदावन (मथुरा)। तीन दिवसीय आराध्य आराधना महोत्सव के तहत ठा. श्रीराधा रमण देवजू मंदिर में सोमवार शाम फूलबंगला सजाया गया। ठाकुर जी ने मान सरोवर में हंस की सवारी करते हुए भक्तों को दर्शन दिए। मंदिर में भीड़ देर रात तक उमड़ती रही।
सेवायत अनिल गोस्वामी के निर्देशन में केला और बेला के फूल से बहुमंजिला बंगला बनाया गया था। महोत्सव के अंतर्गत हुई राग सेवा में अधरं मधुरमं गीत पर सखी मोहिनी व भक्त नृत्य कर झूमे। कपिल गोस्वामी व सलिल गोस्वामी ने कलाकारों को सम्मानित करते हुए उन्हें ठाकुर जी का अंग वस्त्र व प्रसाद भेंट किया। इस दौरान हरिओम शर्मा, संजय शर्मा, देवेंद्र शर्मा, अनूप शर्मा, विष्णुदान शर्मा, केशव, मोहन शर्मा आदि उपस्थित थे।