टूंडला (फिरोजाबाद)। रविवार रात मगध एक्सप्रेस के कुछ कोचों में एसी न चलने से यात्रियों का पारा चढ़ गया। टूंडला स्टेशन पर जमकर हंगामा काटा। यात्रियों ने बार-बार चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका। यात्रियों ने टीटीई व रेल चालक से भी अभद्रता कर दी। जानकारी पर डीटीएम सहित अन्य अधिकारी पहुंच गए। करीब दो घंटे बाद ट्रेन को चलाया गया।
नई दिल्ली से इस्लामपुर जाने वाली 12402 मगध एक्सप्रेस रविवार शाम आठ बजे नई दिल्ली से चली थी। कुछ कोचों के एसी नहीं चले तो रेलयात्रियों ने कोच कंडेक्टर को जानकारी दी। यात्रियों को अलीगढ़ और फिर ट्रेन के अलीगढ़ से चलने पर टूंडला स्टेशन पर सही कराने का आश्वासन दिया गया।
टीटीई यात्रियों के रुख को देख लापता हो गया।
रात्रि 11.45 बजे ट्रेन टूंडला स्टेशन से बिना एसी सही हुए चली तो यात्रियों ने हंगामा काट दिया। चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया। यात्रियों ने ट्रेन को आगे नहीं बढ़ने दिया। रेल चालक के साथ अभद्रता कर दी। सूचना पर जीआरपी, आरपीएफ के अलावा डीटीएम समर्थ गुुप्ता व अन्य अधिकारी पहुंच गए। कानपुर स्टेशन पर एसी सही कराने के आश्वासन पर यात्री माने। 1.50 बजे तक ट्रेन टूंडला रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। सिंग्नल पार होने से पीछे कई ट्रेनें प्रभावित रहीं।
आक्रोशित यात्रियों ने टीटीई का ब्रीफकेस कब्जाया
टूंडला। यात्रियों के आक्रोश को देख टीटीई शौचालय में घुस गया। आक्रोशित यात्रियों ने टीटीई का ब्रीफकेस कब्जे में ले लिया। टूंडला पहुंचने पर रेलवे पुलिस ने कोच कंडेक्टर धर्मवीर को बाहर निकाला तथा उसका ब्रीफकेस वापस दिलवाया।
मगध एक्सप्रेस के दो एसी कोच दिल्ली से ही खराब थे। उन्हें वहीं सही कराने चाहिए था। आक्रोशित यात्री किसी की सुनने को तैयार नहीं थे। ऐसे में टूंडला से एसी फिटर आदि स्टाफ को ट्रेन के साथ भेजकर रवाना किया जा सका।
अमर सिंह, स्टेशन अधीक्षक, टूंडला