फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यहां रात में बंद रहती हैं चौकियां

विज्ञापन
यहां रात में बंद रहती हैं चौकियां - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
एटा। चुनाव के बाद लूट, हत्या, छेड़छाड़ और दुष्कर्म की घटनाओं में बढ़ोत्तरी हुई है। पुलिस अधिकारियों की ओर से सभी पुलिस कर्मियों को सतर्कता और ड्यूटी जिम्मेदारी से करने के लिए निर्देशित भी किया गया है। लेकिन नगर कोतवाली क्षेत्र के चौकी इंचार्जों को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। जिन क्षेत्रों में अधिकतर घटनाएं हो रहीं है उन क्षेत्रों की चौकियों पर भी रात के समय कोई नहीं रहता। शहर की सिविल लाइन चौकी तो कागजों पर चल रही है। यह चौकी कहां है यह पुलिस कर्मियों को भी पता नहीं है। अमर उजाला ने रविवार रात नगर कोतवाली की चौकियों की पड़ताल की तो सुनहरी नगर को छोड़कर शेष सभी चौकियों पर ताले पड़े नजर आए। पेश है लाइव रिपोर्ट...
विज्ञापन

स्थान : बस स्टेशन स्थित चौकी
समय : 11:20 बजे
शहर की सबसे व्यस्ततम सड़क जीटी रोड स्थित बस स्टेशन पर रात 11 बजे के बाद भी काफी चहल पहल थी। बस स्टेशन होने के चलते सवारियां व अन्य लोग वहां मौजूद थे। बस स्टेशन के बाहर ही चौकी बनी हुई है जो कि बंद थी। दरवाजे पर ताला लटका हुआ था। आसपास से पता किया तो बताया गया कि चौकी तो दस बजे के लगभग ही बंद हो गई थी। कुछ लोगों ने बताया कि चौकी रात में खुलती ही नहीं है।
स्थान : रेलवे रोड, इंद्रपुरी चौकी
समय : 11:30 बजे
रेलवे रोड पर लगभग सन्नाटा पसर चुका था। यहां स्थित इंद्रपुरी चौकी का गेट बंद था और शटर गिरा हुआ था। पड़ोस की दुकान में एक पुलिस कर्मी सोने की तैयारी कर रहा था। वह मच्छर दानी और बिस्तर लगाने में व्यस्त था। कुछ दूरी पर स्थित देशी शराब के ठेके के आसपास कुछ लोग एकत्र थे। वहीं आगे चौराहे पर भी कुछ भीड़भाड़ थी। चौकी के पास सड़क पर घर बनाकर रह रहे लोगों से पूछने पर पता चला चौकी दिन ढलने के साथ ही बंद हो जाती है। रात में यहां कोई नहीं आता।
विज्ञापन

स्थान : गोदाम चौकी व मंडी समिति चौकी
समय : 11:45 से 12:00 बजे के बीच
गोदाम चौकी शहर के प्रमुख गांधी मार्केट और घंटाघर के बीच में स्थित है। यह सीओ सिटी कार्यालय में है। प्रमुख बाजारों के बीच में होने के बाद भी चौकी रात के पौने 12 बजे बंद थी। यहां एक भी पुलिस कर्मी मौजूद नहीं था। आसपास के लोगों ने बताया कि यह प्रतिदिन का आलम है। वहीं मंडी समिति में रात करीब 12 बजे पूरी तरह से सन्नाटा पसरा हुआ था। मंडी समिति चौकी के पास कई आढ़त भी हैं। लेकिन चौकी पर रात को जड़ा हुआ ताला यहां की शोभा बढ़ा रहा था।
स्थान : शिकोहाबाद रोड, सुनहरी नगर चौकी
समय : 12:10 बजे
व्यस्त मार्ग होने के चलते इस रोड पर कुछ चहल पहल थी। ट्रकों और चार पहिया वाहनों का सिलसिला जारी था। यहां स्थित सुनहरी नगर चौकी की लाइट जल रही थी, गेट भी खुला हुआ था। लेकिन यहां कोई मौजूद नहीं था। यहां एक कमरे में लगी एसी जरूर चल रही थी, जो बता रही थी कि अंदर कोई सो रहा है। पड़ोस में सब्जी बेंचने वाला व्यक्ति मौजूद था। उसने बताया कि कुछ देर पहले तो कुछ लोग थे अब कहां गए पता नहीं।
स्थान : पटियाली गेट चौकी
समय : 12:25 बजे
रात के इतने समय पटियाली गेट के आसपास एक दुकान खुली थी। आसपास कोई नहीं था। पटियाली चौकी के बाहर एक बाइक खड़ी थी। देखने से किसी सिपाही या चीता पुलिस की लग रही थी। चौकी के अंदर जाकर देखा तो वहां कोई नहीं था। चौकी के कार्यालय के बाहर ताला लटका हुआ था। लेकिन यहां लगी एसी भी चल रही थी, लगा जैसे कमरे के अंदर कोई सो रहा है। काफी आवाज देने के बाद अंदर से कोई जवाब नहीं आई।
बचाव की स्थिति में दिखे इंस्पेक्टर
नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक से के पी सिंह से जब चौकियों की पड़ताल और वहां स्टाफ के नदारद होने की जानकारी की तो वह बचाव की मुद्रा में नजर आए। वह बोले सभी चौकी इंचार्ज उनके साथ गश्त पर थे। जब सवाल किया कि गश्त कब तक किया तो बताया कि गश्त शाम आठ बजे से सवा दस बजे तक किया है। हालांकि पड़ताल से पहले करीब दस बजे वह बस स्टेशन के आगे जीटी रोड पर एक दरोगा व अपने हमराहियों के साथ खड़े दिखाई दिए थे।
लूट की घटनाओं को देखते हुए सभी इंस्पेक्टर और चौकी इंचार्जों को मुस्तैदी से क्षेत्र में रहने के लिए कहा गया है। चौकी पर कोई स्टाफ न होना बड़ी चूक है। सभी चौकी इंचार्जों से इस संबंध में जानकारी ली जाएगी। सही जवाब न मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई तय की जाएगी। स्वप्निल ममगाई, एसएसपी, एटा
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें