कासगंज। एसबीआई के गोरहा ग्राहक सेवा केंद्र पर हुए घोटाले के बाद स्टेट बैंक ने सख्त रुख अपनाया है। जिलेभर के सभी ग्राहक सेवा केंद्रों की गहनता से जांच की जा रही है। इससे संचालकों में खलबली मची हुई है। शनिवार को एसबीआई ग्रामीण शाखा के बैंक प्रबंधक जांच के लिए कई सेवा केंद्रों पर पहुंचे और उपभोक्ताओं का ब्यौरा खंगाला।
घोटालेबाज अर्जुन ने ग्राहक सेवा केंद्र गोरहा पर उपभोक्ताओं के खातों से बड़ी रकम निकाल ले गया। मामले की जांच जहां एक ओर प्रशासन ने शुरू कराई है वहीं भारतीय स्टेट बैंक मुख्यालय से भी विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी आगरा स्टेट बैंक मुख्यालय के अफसरों पर है। वहीं दिल्ली से आए नेटवर्क थ्री के अधिकारी रमेश कालरा ने सभी ग्राहक सेवा केंद्रों की गहनता से जांच कराई है। उन्होंने बैंक के अफसरों को सभी केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के निर्देश पर भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण शाखा के प्रबंधक आरके सिंह निरीक्षण को निकले। उन्होंने गांव पबसरा, नगला ढक, देवकरन, वाहिदपुर खालसा सहित कई ग्राहक सेवाकेंद्रों पर औचक निरीक्षण किया। दस्तावेज खंगाले हैं और खातों की विस्तृत जानकारी जुटाई। औचक निरीक्षक से ग्राहक सेवा केंद्र संचालकों में खलबली मची रही। हालांकि निरीक्षण में सब कुछ व्यवस्थित मिला है।
- ग्राहक सेवा केंद्रों की गहनता से जांच की जा रही है। अभी तक ग्राहक सेवा केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त हैं। निर्देश दिए गए है कि किसी भी उपभोक्ता की पासबुक पर हाथ से एंट्री न करें- आरके सिंह, प्रबंधक, एसबीआई ग्रामीण शाखा।