सेवा केंद्र संचालकों को निर्देश, हाथ नहीं होगी पासबुक पर एंट्री
- फोटो : अमर उजाला
एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र गोरहा पर हुए घोटाले की जांच स्टेट बैंक के नवागत सहायक महाप्रबंधक करेंगे। आगरा रीजन के एजीएम बुधवार को कासगंज पहुंचे। यहां उन्होंने शाखा का निरीक्षण किया। जिले के सभी ग्राहक सेवा केंद्र संचालकों के साथ बैठक की।
घोटालेबाज अर्जुन फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मामले की जांच एलडीएम और पुलिस कर रही है। वहीं सहायक महाप्रबंधक स्टेट बैंक भी जांच में जुटे हैं। तत्कालीन एजीएम रमेश कालरा का स्थानांतरण होने के बाद नवागत एजीएम अमित कुमार मामले की जांच आगे बढ़ाएंगे। नवागत एजीएम बुधवार दोपहर को स्टेट बैंक की ग्रामीण शाखा में पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने बैंक शाखा का निरीक्षण किया और कर्मचारियों से सवाल जवाब किए। इसके बाद ग्राहक सेवा केंद्र गोरहा के घोटाले की विस्तृत जानकारी की और दस्तावेज मांगे। सभी ग्राहक सेवा केंद्र संचालकों की बैठक बुलाई। उन्होंने केंद्र संचालकों से कहा कि उपभोक्ताओं को समस्या न होने दें। किसी भी उपभोक्ता की पासबुक पर हाथ से एंट्री न करें। इस दौरान भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण शाखा के प्रबंधक आरके सिंह, ग्राहक सेवा केंद्र के प्रभारी शैलेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने जांच में सहयोग किया।
- ग्राहक सेवा केंद्र घोटाले की जांच के संबंध में दस्तावेज जुटा रहे हैं। पूरे मामले की जांच विस्तृत ढंग से की जाएगी। पूरा प्रकरण समझ रहे हैं- अमित कुमार, सहायक महा प्रबंधक स्टेट बैंक।