भोगांव/आलीपुर खेड़ा (मैनपुरी)। खाकी मनमानी और दबंगई के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। सोमवार को चेकिंग कर रहे दो सिपाहियों ने बाइक सवार युवकों का पीछा किया। जब वह नहीं रुके तो चलती बाइक पर कालर पकड़ कर खींचा। इसके चलते दोनों युवक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का उपचार अस्पताल में चल रहा है।
खाकी मान भी है और अभिमान भी है, लेकिन इसका दुरुपयोग करने वाले इसकी मर्यादा को शायद भूल चुके हैं। अभी कुछ दिन पहले ही एक महिला दरोगा ने सरेराह एक सैनिक को थप्पड़ मारकर वर्दी का रौब दिखाया। अभी तक इस मामले में कार्रवाई के नाम पर कुछ भी नहीं हुआ। सोमवार को थाना क्षेत्र में खाकी की कुछ ऐसी ही करतूत देखने को मिली। गांव गढ़िया गोविंदेपुर निवासी 21 वर्षीय राहुल कुमार अपने दोस्त 19 वर्षीय आलोक जाटव के साथ आलीपुर खेड़ा स्थित खेत पर पानी लगाकर घर वापस जा रहा था।
गढ़िया चौराहा पर थाना भोगांव की कोबरा टीम के दो सिपाही धर्मवीर सिंह और विष्णु कुमार ने बाइक सवारों को रोका। युवक नजरंदाज करते हुए आगे निकल गए। बस फिर क्या था कि कोबरा टीम के सिपाहियों ने दोनों का पीछा करना शुरू कर दिया। गांव के पास पहुंचते ही एक सिपाही ने आलोक का कालर पकडने के बाद गाली गलौज करते हुए खींचना शुरू कर दिया। खींचतान में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में चली गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होने के बाद सिपाही वहां से भाग गए। जानकारी मिलने के बाद परिजन आलीपुर खेड़ा चौकी पुलिस की मदद से घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे। एक घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उक्त घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर आक्रोश व्याप्त है।
वसूली का लगाया आरोप
पुलिसकर्मियों द्वारा खींचतान के दौरान हुए हादसे के बाद ग्रामीणों ने पुलिस पर वसूली करने का आरोप लगाया। ग्रामीणों का आरोप है कि चेकिंग के नाम पर वसूली की जाती है। जब कोई बचकर निकलना चाहता है तो पुलिस उसका पीछा शुरू कर देती है। पकड़ लिया तो उस से मनमानी करते हुए वसूली करती है।
बदमाश होते तो क्या पीछा करते
आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस क्षेत्र में हुई लूट की घटनाओं का खुलासा नहीं कर पा रही है। चेकिंग के नाम पर बस लोगों को परेशान कर रही है। अगर वाकई में बाइक पर बदमाश होते तो क्या कोबरा टीम के सिपाही उनका पीछा करते। ग्रामीणों ने दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
इनका कहना है
वाहन चेकिंग के दौरान हादसा होने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
ओमप्रकाश सिंह, एएसपी