लस्सी विक्रेता की दुकान के बाहर तैनात पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा। लस्सी विक्रेता पर हुए हमले और उसकी मौत से गुस्साए व्यापारियों के हंगामे के बाद दौड़ी पुलिस ने सोमवार को हमले के एक और आरोपी को पकड़ लिया। वहीं, अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की दो टीमें दिल्ली रवाना की गई हैं। लस्सी विक्रेता पर दस दिन पहले हमला हुआ था। रविवार को उसकी मौत हो गई थी। इस मामले को लेकर शहर के व्यापारियों ने उसका शव रख कर घंटों हंगामा किया था।
आगरा के अस्पताल में भर्ती लस्सी विक्रेता भारत यादव की रविवार को हुई मौत के बाद मथुरा के व्यापारियों का गुस्सा देखकर पुलिस सतर्क हो गई है। इस मामले में 18 मई को लस्सी के पैसे मांगने पर कृष्णगंगा निवासी भारत यादव (32) पुत्र नत्थो यादव और उनके भाई पंकज यादव पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया था। हमले में दोनों भाई घायल हुए थे।
इसमें भारत की रविवार को मौत हो गई। जिसके बाद गुस्साए व्यापारियों और दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर चौक बाजार में ढाई घंटे तक जाम लगाकर प्रदर्शन किया। ऐसे में मामले को लेकर पुलिस सोमवार को भी सतर्क रही। एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि एक और आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है। अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें दिल्ली रवाना की गई हैं। कुछ टीमें मथुरा में ही दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
दो संप्रदायों का मामला होने से सतर्क है पुलिस
मथुरा। लस्सी विक्रेता की मौत से शहर का माहौल गर्माया हुआ है। यह मामला दो संप्रदायों का है। ऐसे में पुलिस भी सतर्कता बरत रही है। शांतिपूर्ण माहौल बना रहे, इसके लिए दो जोन और छह सेक्टरों में शहर को विभाजित कर दिया है। जोन की जिम्मेदारी एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह, एसपी क्राइम अशोक मीणा, एसपी सुरक्षा ज्ञानेंद्र सिंह, एसपी यातायात डा. ब्रजेश कुमार सिंह और सेक्टरों की जिम्मेदार छह सीओ को दी गई है। इसके अलावा 12 इंस्पेक्टर, 48 दरोगा, 250 पुलिसकर्मी मुस्तैद किए गए हैं।