कासगंज। जहरीली शराब पीने से युवक की मौत के बाद पुलिस और प्रशासनिक टीम ने बिंदुवार जांच आगे बढ़ाई है। पुलिस ने बरातियों के बयान लेने के बाद चिकित्सकों के बयान दर्ज किए। मंगलवार को पुलिस की टीम शराब से बीमार युवकों को लेकर फर्रुखाबाद जाएगी। वहां हजरतगंज क्षेत्र में शराब की दुकान पर टीम जांच करेगी।
जहरीली शराब प्रकरण की जांच प्रशासनिक टीम के नेतृत्वकर्ता एडीएम योगेंद्र कुमार कर रहे हैं। वहीं दर्ज मुकदमे की जांच सोरों कोतवाली पुलिस कर रही है। पुलिस ने रविवार को बरातियों के बयान दर्ज किए। इसके बाद सोमवार को अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर पहुंचे शराब पीने से बीमार युवकों के भी बयान दर्ज किए गए। इसके बाद सोमवार शाम पुलिस ने जिला अस्पताल के चिकित्सकों से भी बयान लिए। बयान दर्ज करने की पूरी प्रक्रिया करने के बाद मंगलवार को टीम फर्रुखाबाद जिले के हजरतगंज क्षेत्र पहुंचेगी। वहां की पुलिस के सहयोग से शराब की दुकान पर पूछताछ की जाएगी। बयान दर्ज करने की पूरी प्रक्रिया के बाद पुलिस मुकदमा फर्रुखाबाद पुलिस के अधीन कर देगी। वहीं प्रशासनिक टीम भी इस जांच को आगे बढ़ाते हुए बरातियों के बयान दर्ज करेगी।
- बरातियों और बीमार युवकों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही जांच आगे बढ़ा दी जाएगी। सत्यता जानने के लिए पूरी पारदर्शिता के साथ जांच होगी।
- योगेंद्र कुमार, एडीएम।
- शराब पीने से बीमार युवकों के बयान दर्ज कर लिए हैं। चिकित्सकों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। प्रयास है कि मंगलवार को हजरतगंज जाएंगे वहां जांच करेंगे।
- रिपुदमन सिंह, इंस्पेक्टर, सोरों।