टूंडला (फिरोजाबाद)। रविवार तड़के वैशाली एक्सप्रेस के चालक ने तेज जर्क (झटका) महसूस होने के बाद ट्रेन को रोक दिया। चालक ने मुख्य नियंत्रण कक्ष को अवगत कराते हुए रेलट्रैक की जांच की मांग की। मौके पर पहुंचे रेल कर्मचारियों ने ट्रैक की जांच की, लेकिन कोई भी खराबी न मिलने पर ट्रेन को रवाना किया गया। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे अप रेलमार्ग प्रभावित रहा।
सहरसा से नई दिल्ली जा रही वैशाली एक्सप्रेस को टूंडला हेड क्वार्टर के चालक गिरजाशंकर टूंडला से लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। रविवार सुबह 5.20 बजे करीब ट्रेन जैसे ही टूंडला-मितावली रेलवे स्टेशनों के बीच पहुंची। तभी अचानक चालक को जोरदार झटका महसूस हुआ।
अनहोनी की आशंका के चलते चालक ने ट्रेन को रोक दिया। इसके साथ ही तत्काल सूचना कंट्रोल रूम टूंडला को दी। सुबह 6.25 बजे करीब विभागीय टीम मौके पर पहुंची। टीम ने करीब आधा घंटे तक ट्रैक की छानबीन की, लेकिन टीम को रेल ट्रैक पर कुछ खराबी नहीं मिली। इसके बाद करीब सात बजे ट्रेन को आगे बढ़ाया गया। इस दौरान अप लाइन की वैशाली एक्सप्रेस, संपूर्णक्रांति एक्सप्रेस, टूंडला-दिल्ली पैसेंजर सहित अन्य ट्रेनें प्रभावित रहीं।