शिक्षक को गोली मारने वाले शीघ्र हों गिरफ्तार
- माध्यमिक शिक्षक संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
मैनपुरी। नेशनल इंटर कॉलेज भोगांव के प्रवक्ता मदन कुमार के अपहरण और गोली मारने के मामले को लेकर माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक डीआईओएस कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक के बाद एक प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी और एसपी से मुलाकात की। शिक्षक के साथ हुई घटना का शीघ्र खुलासा किए जाने और आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।
शुक्रवार को माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य कृष्णानंद दुबे की अध्यक्षता में डीआईओएस कार्यालय पर संघ की बैठक हुई। बैठक में नेशनल इंटर कॉलेज भोगांव के प्रवक्ता के अपहरण और गोली मारने की घटना की निंदा की गई। प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य कृष्णानंद दुबे ने कहा कि जब शिक्षक सुरक्षित नहीं होगा तो वह किस प्रकार से बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान कर सकेगा। वे एक प्रतिनिधि मंडल के साथ डीएम प्रमोद कुमार उपाध्याय और एसपी अजय शंकर राय से मुलाकात की। उन्होंने मांग की कि शिक्षक के साथ हुई घटना का शीघ्र खुलासा किया जाए। आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की जाए। चेतावनी भी दी है यदि घटना का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो संघ आंदोलन करने को मजबूर होगा।
इस दौरान जिलाध्यक्ष उदयवीर सिंह यादव, जिलामंत्री मुकेश सिंह चौहान, विजय कुमार पीटर, अनिल कुमार, चंद्रप्रकाश, सुनील कुमार, प्रमोद कुमार, करन सिंह, आमोध बाबू, ज्ञानचंद्र यादव, रामकिशोर, जितेंद्र कुमार, सर्वेश पाल, मनोज यादव आदि मौजूद रहे।