टूंडला। कानपुर रेलखंड पर मक्खनपुर रेलवे स्टेशन के निकट जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस के इंजन से बाइक टकरा गई। ट्रेन से बाइक के टकराते ही बाइक के परखच्चे उड़ गए। ट्रैक पार करते समय ट्रेन करीब आते देख युवक रेलवे ट्रैक पर ही बाइक छोड़कर भाग गया। इस दौरान करीब 25 मिनट ट्रेन खड़ी रही।
घटना बुधवार सुबह 8.25 बजे की है। जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस फिरोजाबाद स्टेशन से मक्खनपुर स्टेशन के निकट पहुंची, तभी एक युवक रेलवे ट्रैक से बाइक निकाल रहा था इसी दौरान ट्रेन कर करीब आ गई। युवक बाइक को रेलवे ट्रैक पर ही छोड़कर भाग गया। इंजन से टकराने के बाद बाइक के परखच्चे उड़ गए। ट्रेन चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। मुख्य नियंत्रण कक्ष को जानकारी दी। पुलिस रेलवे सुरक्षा बल के जवान पहुंच गए।
इंजन के काउकैचर में फंसे बाइक के अवशेष निकालने के 25 मिनट बाद ट्रेन को चलाया।। इस दौरान पीछे से आ रहीं अन्य ट्रेनें प्रभावित रहीं। रेलवे सुरक्षा बल बाइक के नंबर के आधार पर बाइक स्वामी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने की प्रक्रिया करने में जुटी है।