टूंडला। बालू का अवैध खनन कर ले जा रहे ट्रैक्टर को चेकिंग के दौरान पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो चालक ने दरोगा के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर की घेराबंदी कर जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया। मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस चौकी हिरनगांव प्रभारी शैलेष निगम मंगलवार रात10 बजे चेकिंग करा रहे थे। इस दौरान उन्हें बालू से भरा एक ट्रैक्टर आते दिखाई दिया। उन्होंने ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की तो चालक ने उनके ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। किसी तरह दरोगा ने अपनी जान बचाई। इस बीच बालू की अवैध खनन कर ले जा रहा ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर भगा ले गया।
दरोगा शैलेष ने तत्काल थाना पुलिस को मामले से अवगत कराया। तब कोतवाली पुलिस, राजा का ताल चौकी पुलिस व पीआरवी सहित भारी संख्या में पुलिस फोर्स ने पहुंचकर ट्रैक्टर की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने उलाऊ गांव के निकट ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया तथा ट्रैक्टर को जब्त कर चौकी पर ले गए।
पुलिस ने मामले में पुलिस पर जानलेवा हमला करने एवं अवैध खनन करने की रिपोर्ट दर्ज कर चालक नीटू निवासी वासुदेवपुर थाना लाइनपार, फिरोजाबाद को जेल भेजा है।
अवैध खनन कर ले जा रहे चालक ने चौकी प्रभारी पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की थी उसे गिरफ्तार किया है। उसे जानलेवा हमला करने एवं अवैध खनन के मामले में जेल भेजा है।
ज्ञानेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, टूंडला