अमर उजाला महासंग्राम पैकेज
बेरोजगारों को मिले रोजगार तो बने बात
पहली बार मतदाता बने युवाओं ने रखी अपनी राय
अमर उजाला ब्यूरो
मैनपुरी। अमर उजाला का महासंग्राम का रथ सुबह 11 बजे राम सिंह सौजिया लुहारी इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजूकेशन अशोक नगर पहुंचा। यहां पहली बार लोकसभा चुनाव में मतदान करने के लिए आतुर छात्र-छात्राओं से बात की। छात्र-छात्राओं ने एक स्वर में महिला सुरक्षा और बेरोजगारी के साथ ही शिक्षित समाज तैयार करने वाली सरकार के चयन की बात कही। उन्होंने कहा कि वह सारी चीजें सोच समझकर ही चुनाव में मतदान करेंगे।
छात्र-छात्राओं का कहना था कि पहली बार वे उस पार्टी को मतदान करेंगे जो बेरोजगारों को रोजगार देने की बात करेंगे। महिला सुरक्षा की तरफ जो ध्यान देगा वही देश पर राज्य करेगा। उनका कहना साफ था कि वे शिक्षित हैं, उन्हें पता है कि उन्हें अपने मताधिकार का प्रयोग कहां और कैसे करना है। छात्र नवीन प्रजापति का कहना था कि केवल कागजों में बेरोजगारी दूर करने से काम चलने वाला नहीं है। इसके लिए धरातल पर भी कुछ करना होगा। वे उस प्रत्याशी को वोट देंगे जो जिले के विकास की तरफ ध्यान देगा।
छात्र नीरज कुमार का कहना था कि देश में करोड़ों युवा प्रशिक्षित होने के बाद भी सड़कों पर घूम रहे हैं। सरकार बेरोजगारी मिटाने की बात कह रही है लेकिन हकीकत में बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। जब प्रशिक्षितों को रोजगार नहीं मिलेगा, तो देश के सामने बड़ा संकट खड़ा होगा। सौरभ यादव ने कहा कि जो युवाओं के विकास और समाज के विकास की बात करेगा उसी को वे वोट करेंगे। कुमारी शिखा का कहना था कि पहली बार वोट करने का मौका मिला है इसलिए काफी सोच समझकर महिलाओं को सुरक्षा देने वाले को वह वोट करेंगी। रश्मी का कहना था कि आज देश की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से प्रभावित हो रही है, जो शिक्षा व्यवस्था के सुधार का कार्य करेगा वही युवाओं के वोट का हकदार होगा। इस दौरान राहुल यादव, अतुल कुमार, अनुष्का, रजनी, रागिनी, मोहिनी, दीपा, गौरव आदि छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
े