मैनपुरी। जिले में खेलों के नाम पर खिलाड़ियों के साथ मजाक किया जा रहा है। अन्य खेलों की तरह बास्केटबाल में भी जिले की प्रतिभाएं प्रशिक्षक की कमी के कारण निखर नहीं पा रही हैं। खिलाड़ियों ने खेल विभाग और मुख्यमंत्री से प्रशिक्षक की तैनाती की मांग की है।
बास्केटबाल के लिए पंडित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में खेल मैदान 20 वर्ष पूर्व तैयार किया गया था। 20 वर्ष में एक भी बार इस खेल के लिए प्रशिक्षक की तैनाती नहीं की गई। इसके चलते जिले में बास्केटबाल में रुचि रखने वाली खेल प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका नहीं मिल पा रहा है। वे रुचि रखने के बाद भी इस खेल को नहीं खेल पा रहे हैं। जिले के युवाओं की मांग है कि स्टेडियम में बास्केटबाल के प्रशिक्षक की तैनाती की जाए। खिलाड़ियों का यह भी कहना है कि यदि प्रदेश स्तर से कोच की तैनाती नहीं की जा सकती है तो क्षेत्रीय स्तर पर ही संविदा पर बास्केटबाल के प्रशिक्षक की तैनाती हो, जिससे इस खेल में रुचि रखने वालों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का मौका मिल सके।