मैनपुरी। हाल ही में हुई बारिश ने आलू को भारी नुकसान पहुंचाया है। फसल में चेचक रोग लगने के कारण आलू की कीमतों में 50 प्रतिशत गिरावट हो गई है। ऐसे में जिले में बड़े स्तर पर आलू किसानों को नुकसान हुआ है। जिले में आलू की फसल बड़े पैमाने पर होती है।
जिले का 80 प्रतिशत किसान आलू की फसल करता है। फरवरी के महीने में कई बार हुई बारिश के कारण आलू की फसल में चेचक रोग लग गया है। इस रोग के कारण आलू की पैदावार में तो कोई असर नहीं पड़ेगा, लेकिन चेचक रोग से ग्रस्त आलू की कीमत का भाव बाजार में 50 प्रतिशत गिर जाता है। आलू में चेचक रोग लगने से किसानों को भारी नुकसान हो रहा है।
आलीपुर खेड़ा। क्षेत्र में आलू की पैदावार बड़ी मात्रा में की जाती है। क्षेत्र का किसान इन दिनों आलू की खोदाई में जुटा हुआ है। इस दौरान आलू चेचक रोग से ग्रसित निकल रहा है। आलू किसानों का कहना है कि अब तो आलू के भाव में मजदूरी भी नहीं निकल रही है। वर्तमान में आलू पांच सौ रुपये से आठ सौ रुपये प्रति क्विंटल तक बिक रहा है।