फोटो-पी-05..06
कैप्शन-ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में मंगला आरती के लिए उमड़ी भीड़।
बांकेबिहारी की मंगला आरती में उमड़ी भीड़ से बिगड़ी व्यवस्थाएं
निकलते समय सीढ़ियों पर गिरकर कई लोग हुए चुटैल, कई की हालत बिगड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
वृंदावन (मथुरा)। ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में सोमवार की अर्द्धरात्रि 1:55 बजे हुई मंगला आरती में ठाकुरजी के दर्शन को भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पुलिस प्रशासन और मंदिर की ओर से की गईं सभी व्यवस्थाएं धरी की धरी रह गईं। इस बार मंगला आरती के समय हुई भक्तों की भीड़ ने पिछले सभी रिकार्ड तोड़ दिए। कई लोगों की हालत बिगड़ गई और कई लोगों की जेब काट ली गईं।
कृष्णा नगर कालोनी निवासी पवन गौतम, राधा निवास के राजू शर्मा, दिनेश राघव, परिक्रमा मार्ग कालीदह निवासी हरिओम चतुर्वेदी की जेब में रखे पर्स को जेबकटों ने पार कर दिया। मंदिर के एक सेवायत के अनुसार आरती के बाद मंदिर से निकलने में श्रद्धालुओं को भारी जद्दोजहद करनी पड़ी। निकास द्वार पर श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते कई श्रद्धालु सीढ़ियों पर गिर गए और चुटैल हो गए। मंदिर गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मी और पुलिस के जवान असहाय दिखे। भीड़ के आगे किसी की एक न चली। सुरक्षाकर्मियों ने प्रवेश गेटों को ही बंद कर दिया। इससे आरती करने आए श्रद्धालु मायूस दिखे।
बांके बिहारी मंदिर के उप प्रबंधक उमेश सारस्वत के अनुसार मंदिर प्रबंधन द्वारा सभी प्रकार के प्रयास किए गए थे। इस बार मंदिर में दर्शनों को अधिक श्रद्धालु आए। व्यवस्थाएं फिर भी ठीक रहीं।