जन्माष्टमी पर आए तीन बाल-गोपाल: फोटो
जिला महिला अस्पताल में हुए तीन गर्भवतियों के प्रसव
जन्माष्टमी पर बालक के जन्म से परिजनों में खुशी
अमर उजाला ब्यूरो
एटा। भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सोमवार को जिला महिला अस्पताल में तीन बच्चों ने किलकारियां भरीं। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म वाले दिन लोगों को प्रकृति से मिले नायाब तोहफों से परिजन गदगद हैं। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर जन्म लिए इन बच्चों के माता-पिता खुद को भाग्यशाली मान रहे हैं। अभिभावकों का तर्क है कि उनके आंगन में खिले ये नन्हे फूल भगवान श्रीकृष्ण का रूप हैं।
जानकारी के अनुसार जिला महिला अस्पताल में सोमवार को सरिता पत्नी विकास निवासी भगीपुर ने दो बेटों को जन्म दिया। बेटों के जन्म की खुशी में पूरे परिवार में जश्र का आलम रहा। सरिता ने कहा कि घर में दो कान्हाओं ने जन्म लिया। शुभ मुहूर्त में नवजातों के जन्म से काफी खुशी मिली है।
रेखा पत्नी संजय निवासी कुतुकपुर ने बेटे को जन्म दिया। उनका कहना था कि यूं तो मां बनने में महिला को जो खुशी मिलती है, उसे बयां नहीं किया जा सकता। मगर शुभ मुहूर्त और जन्माष्टमी के दिन शिशु के जन्म से बेहद खुश हूं। कान्हा ने हमारे घर में कदम रखे हैं।
बहरहाल, जन्माष्टमी के पावन अवसर पर गूंजी इन किलकारियों से माता-पिता गदगद हैं। माता-पिता को बधाइयां देने वालों का तांता लगा हुआ है। बताया जा रहा है कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन पर संसार देखने वाले सभी बच्चे स्वस्थ हैं। पावन अवसर पर मिली संतान की खुशी से परिजनों के चेहरे खिल उठे हैं।
--------------
अनिल यादव