फिरोजाबाद। जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने शनिवार को विकास भवन सभागार में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की बैठक ली। उन्होंने बीडीओ, एडीओ और पंचायत सचिवों को मासिक लक्ष्य निर्धारित कर 15 अगस्त तक संपूर्ण जिले को ओडीएफ कराने पर जोर दिया। बैठक में अनुपस्थित एडीओ और सचिवों का एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी एडीओ व पंचायत सचिवों से अधिक से अधिक शौचालय निर्माण कराने व प्रयोग कराने को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शौचालय की उपयोगिता और उसकी आवश्यकता सभी लोग भलीभांति समझ रहे हैं। ऐसे में समूचे जिले को ओडीएफ कराने की आवश्यकता है। डीएम ने जिले को ओडीएफ कराने के लिए मासिक लक्ष्य का निर्धारण भी किया। लक्ष्य के अनुसार 15 जुलाई तक 232, 31 जुलाई तक 214 और शेष 122 ग्राम पंचायतों को हरहाल में 15 अगस्त तक ओडीएफ कराने को कहा।
मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि अन्यथा की स्थिति में संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। मुख्य विकास अधिकारी नेहा जैन ने सभी से शौचालय निर्माण की गुणवत्ता पर खास ध्यान देने की हिदायत दी। शौचालय निर्माण में लापरवाही के चलते एडीओ पंचायत नारखी व एका को चेतावनी के साथ कार्य पद्धति में सुधार की हिदायत दी गई।
बैठक में अनुपस्थित रहे 18 ग्राम पंचायत अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटने और स्पष्टीकरण देने के निर्देश किए। बैठक में परियोजना निदेशक विनीता श्रीवास्तव, डीपीआरओ गिरीश चंद्र, एसबीएम जिला समन्वयक ज्योतिष दिवाकर, पुनीत निगम आदि मौजूद रहे।