मथुरा। जहां देश भर में लोग मदर्स डे मना रहे हैं, वहीं एक युवक ने अपनी मां से झगड़कर आगरा-दिल्ली रेलमार्ग पर बीएसए कॉलेज के सामने ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली। इससे पहले युवक ने बांह पर ब्लेड से नस काटने की कोशिश की। मां से झगड़कर शनिवार की रात 11 बजे निकले युवक ने गुस्से में आत्महत्या का कदम उठाया। सूचना पर कृष्णानगर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। मोबाइल से मृतक की शनाख्त कर परिजनों को खबर दी तो घर में कोहराम मच गया।
रविवार की सुबह कृष्णानगर पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक का शव रेलवे ट्रैक पर खंभा नंबर 1398/23 और 26 के मध्य पड़ा हुआ है। पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। पास ही मिले मोबाइल से फोन किया तो परिजन भी आ गए। मृतक की शनाख्त थाना गोवर्धन के गांव अड़ींग निवासी विजय यादव (18) छुट्टीलाल यादव के रूप में हुई। एसआई विनय कुमार ने बताया मां से झगड़ने के बाद युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर सुसाइड किया है।
बांह पर ब्लेड के निशान साफ इशारा कर रहे थे कि उसने पहले नसें काटने का प्रयास किया। जमीन को लेकर चल रहे विवाद के चलते युवक का मां से रविवार को झगड़ा हुआ था। रात 11 बजे गुस्से में घर से युवक निकल आया। उसके बाद युवक ने कब सुसाइड किया, यह तो साफ नहीं है। रविवार की सुबह सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर शव कब्जे में लिया। मृतक के भाई ने ही शनाख्त की है।