वृंदावन (मथुरा)। ठाकुर बांकेबिहारी की नगरी में आरएसएस के स्वयंसेवक राष्ट्र और धर्म का पाठ पढ़ने जा रहे हैं। 27 मई से वृंदावन में आरएसएस का शिक्षा वर्ग आयोजित होगा। इसमें ब्रजप्रांत के करीब 800 स्वयंसेवक जुटेंगे। इसमें स्वयंसेवकों को शारीरिक और बौद्धिक प्रशिक्षण के साथ संघ से जुड़ी तमाम महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए राष्ट्र और धर्म के प्रति दायित्व का भी बोध कराया जाएगा। आयोजन परमेश्वरी देवी धानुका सरस्वती विद्या मंदिर में होगा। इसकी तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। इसी के अंतर्गत रविवार को हवन पूजन किया गया।
स्वयंसेवक संघ 27 मई से 20 दिवसीय शिक्षा वर्ग प्रथम वर्ष का आयोजन वृंदावन में करने जा रहा है। ब्रज प्रांत के 12 जनपदों से करीब 800 स्वयंसेवक इसमें शामिल होंगे। ये स्वयंसेवक वह होंगे जो प्रमुख शिक्षक या इससे ऊपर का दायित्व संघ में संभाल रहे हैं। पिछले साल ब्रजप्रांत में 3 संघ शिक्षा वर्ग किए गए थे। इस बार सिर्फ एक शिक्षा वर्ग वृंदावन में आयोजित किया जा रहा है।
27 मई से 17 जून तक आयोजित होने वाले इस वर्ग में संघ के प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे। इस दौरान स्वयंसेवकों को शारीरिक और बौद्धिक प्रशिक्षण के साथ राष्ट्र और धर्म के प्रति दायित्व का भी बोध कराया जाएगा। इस अवसर पर प्रांत प्रचारक डा. हरीश, सह प्रांत प्रचारक कर्मवीर, सह प्रांत शारीरिक प्रमुख महावीर, निदेशक केशव धाम ललित कुमार, विभाग प्रचारक आर्येंद्र सहित संघ चालक शिशुपाल सिंह, सह संघ चालक दासबिहारी अग्रवाल, लक्ष्मी नारायण, छैलबिहारी, जिला प्रचारक मनोज, श्यामप्रकाश पांडेय, पद्मनाभ गोस्वामी आदि मौजूद रहे।
इन जनपदों से आएंगे स्वयंसेवक
मथुरा, आगरा, एटा, मैनपुरी, इटावा, हाथरस, अलीगढ़, फिरोजाबाद, शाहजहांपुर, बरेली, कासगंज, बदायूं।
वृंदावन में लगेगा घोष शिविर
संघ के शिक्षा वर्ग के साथ ही वृंदावन में घोष वर्ग का भी आयोजन किया जा रहा है। इसमें ब्रजप्रांत से करीब 300 स्वयंसेवक शामिल होंगे। यह आयोजन केशवधाम स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में होगा।