मथुरा। मथुरा के अति संवेदनशील और सुरक्षित माने जाने वाले श्रीकृष्ण जन्मस्थान के यलो जोन क्षेत्र में स्थित एक नर्सिंग होम में कुछ लोगों ने तोड़फोड़ कर दी। लोग काफी देर तक वहां हंगामा करते रहे लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचना मुनासिब भी नहीं समझा। मामला एक बच्चे की मौत के बाद गुस्साए लोगों द्वारा की गई तोड़फोड़ का था।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान के समीप आरके चतुर्वेदी का नर्सिंग होम है। यहां बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सीएस डुल्लू सुबह 8:30 से 11 बजे तक बैठते हैं। शनिवार की सुबह एक व्यक्ति अपने पांच वर्ष के बच्चे की तबियत खराब होने के बाद डॉ. सीएल डुल्लू को दिखाने के लिए पहुंचा था। यहां चिकित्सक को दिखाने के बाद पिता बच्चे को लेकर चला गया।
इसके बाद सुबह करीब 11 बजे नर्सिंग होम में कई लोग आए और बच्चे की मौत के लिए डॉक्टर को जिम्मेदार ठहराते हुए तोड़फोड़ कर दी। डॉ. आरके चतुर्वेदी ने बताया कि युवकों ने नर्सिंग होम के दरवाजों के शीशे तोड़ दिए। शीशा तोड़ने की कोशिश में एक युवक के हाथ में चोट भी आई हैं। उन्होंने कहा कि नर्सिंग होम में तोड़फोड़ करने वाले युवक कौन थे वह नहीं जानते।
उन्होंने बताया कि डॉ. सीएल डुल्लू से बात करने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इधर, यलो जोन क्षेत्र में नर्सिंग होम में हुई इस तोड़फोड़ की घटना के बाद सुरक्षा को लेकर भी पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं।